उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

भवाली में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, बच्चा समेत पांच श्रद्धालुओं की मौत

ADVERTISEMENTS Ad

भवाली – नैनीताल जनपद के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सेनेटोरियम–रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार 21 मई 2026 को अपराह्न करीब 2:15 बजे वाहन संख्या UP 32 QU 1874 से जा रहे श्रद्धालुओं की कार ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस, SDRF, SSB और ग्रामीणों की मदद से कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान खाई से पांच शव बरामद किए गए। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मृतकों की शिनाख्त और उनके विस्तृत विवरण जुटाने की कार्रवाई जारी है।

मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत पुलिस एवं SDRF की टीमें मौजूद रहीं और बचाव कार्य का नेतृत्व करती रहीं।

पुलिस प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles