उत्तराखण्डकालढूंगीदुर्घटना

कालाढूंगी में दर्दनाक सड़क हादसा: बेल जूस बेच रहे 18 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

ADVERTISEMENTS Ad

कालाढूंगी – रामनगर रोड स्थित नयागांव वन विभाग चैक पोस्ट के समीप सोमवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ठेला लगाकर अपना जीवन यापन कर रहे 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर जिले के बरहैनी (जबरान) निवासी पंजा सिंह का पुत्र अभिषेक सिंह नयागांव वन विभाग चैक पोस्ट के पास बेल के जूस का ठेला लगाता था। सोमवार को भी वह रोज की तरह अपने ठेले पर खड़ा होकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान दोपहर करीब पौने दो बजे कालाढूंगी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (यूके 04एक्यू 8017) ने सामने चल रही एक अन्य कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे ठेले में जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेले के परखच्चे उड़ गए और अभिषेक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कार पेड़ से जा टकराई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाढूंगी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की गंभीर चेतावनी दे रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles