Haldwani:-नशे पर वार, जागरूकता का हथियार—नैनीताल पुलिस ने छात्रों को किया प्रेरित

हल्द्वानी – जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में रविवार को मुखानी स्थित शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक रमेश पंत, प्रभारी एनटीएफ नैनीताल ने विद्यार्थियों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी खतरे में डाल देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे के प्रलोभन से बचने और जागरूक नागरिक बनने की सलाह दी।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्हें समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।




