Haldwani:-मिशन ड्रग फ्री देवभूमि के तहत बड़ी कार्रवाई, काठगोदाम में 4 लाख की चरस संग तस्कर गिरफ्तार

Haldwani:- उत्तराखंड में चलाए जा रहे “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 4 लाख रुपये कीमत की 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित जगन्नाथ कॉलोनी में विजन फ्यूचर कोचिंग के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इन्द्रजीत सिंह पुत्र स्व. नारायण दास निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, आवास विकास टेड़ी पुलिया काठगोदाम के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम सिमलिया, तहसील मिलक जिला रामपुर उत्तर प्रदेश बताया गया है।
बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 63/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गमले बेचने का काम करता है और खेती-बाड़ी तथा मजदूरी भी करता है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद चरस उसे एक परिचित व्यक्ति ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2010 में भी उसके खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, कांस्टेबल टीका राम, एसओजी के कांस्टेबल अशोक रावत और भानु प्रताप शामिल रहे।





