उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

उत्तराखंड सरकार की निःशुल्क सोमनाथ यात्रा शुरू, हल्द्वानी से 37 श्रद्धालुओं को मिली विदाई

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा-2026” के अंतर्गत सोमवार को नैनीताल जनपद के 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से नैनीताल-ऊधमसिंहनगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा की शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रियों के लिए निःशुल्क आवागमन, आवास, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कामना की कि सभी श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की प्रार्थना करें।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जनपदों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से श्रद्धालु अपने-अपने जिले के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा हर्रावाला से विशेष एसी ट्रेन के माध्यम से संचालित की जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रेल यात्रा, आवास, भोजन एवं स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि इस यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक तथा समाज सेवा से जुड़े लोग शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि नैनीताल जनपद से 14 महिलाएं एवं 23 पुरुष, कुल 37 श्रद्धालु इस विशेष यात्रा में शामिल हुए हैं।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles