उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटके, हल्द्वानी से गढ़वाल तक कांपी धरती; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

हल्द्वानी – उत्तराखंड में मंगलवार देर रात करीब 10:24 बजे अचानक भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। हल्द्वानी समेत कुमाऊं से लेकर गढ़वाल मंडल के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब पांच सेकंड तक महसूस हुई कंपकंपी के बाद लोगों में दहशत फैल गई। कई स्थानों पर लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल, बागेश्वर, भीमताल, पिथौरागढ़, चंपावत, खटीमा, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, गोपेश्वर, चमोली, बदरीनाथ, थराली, श्रीनगर और पोखरी समेत कई क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की सूचना है।
भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। भूकंप की तीव्रता, गहराई और केंद्र को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।




