Haldwani:- लाइन नंबर-8 और वनभूलपुरा क्षेत्र में बिछाई गई सड़क की गुणवत्ता देखकर कांग्रेस नेता अब्दुल राजिक ने जताई नाराजगी
हल्द्वानी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, हाथों से उखड़ने लगी नई सड़क

हल्द्वानी। शहर में जगह-जगह सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं, लेकिन इन सड़कों की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते दिन भी एक रिपोर्ट के माध्यम से सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही खराब सामग्री और गुणवत्ता की तस्वीर सामने आई थी। अब वनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नंबर-8 में हाल ही में बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल राजिक जब क्षेत्र में बिछाई गई नई सड़क का जायजा लेने पहुंचे तो सड़क की हालत देखकर हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि सड़क की सामग्री हाथों से ही उखड़ने लगी। यह देखकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
इस दौरान अब्दुल राजिक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ये सड़कें जनता की खून-पसीने की कमाई और टैक्स के पैसों से बनाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि काफी प्रयासों के बाद क्षेत्र की सड़कों को स्वीकृत कराया गया था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता देखकर उन्हें बेहद दुख हो रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले का तत्काल संज्ञान लिया जाए और संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सरकारी धन की बर्बादी न हो और जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।
अब सवाल यह है कि आखिर नई बनी सड़क हाथों से उखड़ने लगे तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित विभाग इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा?




