राष्ट्रीय एकता दिवस पर नैनीताल पुलिस की एकता परेड, छह पुलिसकर्मियों को मिला डीजीपी डिस्क सम्मान

नैनीताल। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद नैनीताल में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन नैनीताल में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड एपी अंशुमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि एपी अंशुमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता के बल पर 565 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय संभव हुआ, जिसने अखंड भारत की नींव मजबूत की।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता की प्रेरणा देता है। पुलिस बल का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना भी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। वहीं, सेवा के आधार पर एवं विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद नैनीताल के छह पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा, अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम और आरक्षी शंकर नाथ शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउंड में परेड की सलामी ली तथा पुलिस कर्मियों की जनसेवा के कार्यों की सराहना की। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं विभिन्न पुलिस इकाइयों के प्रभारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों एवं अन्य इकाइयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। संबंधित प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।




