उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

पंचायत चुनाव:- गिनती से पहले प्रशासन सतर्क, विजयी जुलूस पर रोक, सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

देहरादून – उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार, 31 जुलाई को सुबह आठ बजे से 10,915 पदों के लिए मतगणना शुरू हो जाएगी। इस बड़े लोकतांत्रिक आयोजन को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 15,024 कार्मिकों को मतगणना कार्य में तैनात किया है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8,926 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। राज्य के 12 जिलों के 89 विकासखंडों में दो चरणों में संपन्न हुए चुनाव में कुल 34,151 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान प्रतिशत 69.16 दर्ज किया गया जिसमें महिलाओं ने 74.42 प्रतिशत के साथ पुरुषों में 64.23 प्रतिशत से अधिक उत्साह दिखाया। मतदान 24 और 28 जुलाई को हुआ था। हरिद्वार को छोड़ शेष सभी जिलों में मतदान और अब मतगणना की प्रक्रिया जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि मतगणना की निगरानी प्रेक्षक, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से मतगणना केंद्रों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त व्यवस्था की जा चुकी है। परिणामों की घोषणा रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर पर की जाएगी, जिसके बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। इस बीच, आयोग ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संभावित विजयी जुलूसों पर सख्ती बरतते हुए पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश जिलाधिकारियों को जारी किए हैं। आयोग ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार के विजय जुलूस या प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना स्थलों पर वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात करने के निर्देश हैं। साथ ही, हर मतगणना केंद्र पर एक पुलिस क्षेत्राधिकारी या प्रभारी निरीक्षक की अनिवार्य ड्यूटी लगाई गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles