लालकुआं की पॉश कॉलोनी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

लालकुआं। नगर की एक पॉश कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार अम्बेडकर नगर वार्ड नंबर-1 निवासी मोहिन खान की 20 वर्षीय पत्नी अंजुम का शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। परिजनों द्वारा तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका का विवाह पिछले वर्ष मई माह में हुआ था। विवाह को अभी एक वर्ष ही पूरा हुआ था कि नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र से लालकुआं पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका था तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी।





