उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

मुख्यमंत्री धामी ने जमरानी बांध परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण, समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश

Ad

नैनीताल / हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को लेकर अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और भविष्य की मजबूत नींव है।

प्रधानमंत्री की स्वीकृति से पूरी हुई दशकों पुरानी मांग

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकार कर जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई, जो कुमाऊं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सकारात्मक सोच से पर्यावरणीय और तकनीकी बाधाओं को दूर कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाया गया है।

कागजों पर नहीं, जमीन पर दिख रहा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा, “हम कागजों पर नहीं, काम पर विश्वास करते हैं। जनहित की योजनाओं में न अड़चन की परवाह है और न धन की कमी आड़े आने दी जाएगी।”

उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में कोई भी विकास योजना अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी।

सिंचाई, पेयजल, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना से सिंचाई और पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना से कुमाऊं के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार से वार्ता करने की बात कही।

2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नदी जल डायवर्जन के लिए कॉफर डैम का निर्माण भी प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके पश्चात स्थायी बांध का निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू होगा। परियोजना को जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, नवीन वर्मा, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, के.डी. रूबाली, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Ad

Related Articles