उत्तराखण्डखटीमाज़रा हटके

माता पूर्णागिरि मंदिर में मुख्यमंत्री धामी ने किया श्रमदान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ADVERTISEMENTS Ad

खटीमा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार प्रातः खटीमा क्षेत्र के नगला तराई स्थित माता पूर्णागिरि मंदिर पहुंचकर श्रमदान किया और मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व को भी रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए।

मंदिर परिसर में श्रमदान करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति संरक्षण और हरित विकास अत्यंत आवश्यक हैं तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता से समृद्ध प्रदेश है। राज्य सरकार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, प्रधान दीपक मेहरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles