महिला आरक्षण के मुद्दे पर हल्द्वानी में कांग्रेस का धरना, जल्द क्रियान्वयन की उठी मांग

हल्द्वानी – उत्तराखंड में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर हल्द्वानी के मंगलपड़ाव स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में कांग्रेस द्वारा धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया, जिसमें नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी और हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान वक्ताओं ने महिला आरक्षण को लेकर अपने विचार रखे और इसे शीघ्र लागू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए नीतिगत फैसलों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक के संदर्भ में केंद्र सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपेक्षा जताई। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
नैनीताल जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि महिला अधिकारों के मुद्दे पर कार्यकर्ता प्रदेशभर में अपनी बात रख रहे हैं और इस विषय पर जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है।
महिला जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व विधायक रंजीत रावत और पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित अन्य वक्ताओं ने भी महिला आरक्षण को सामाजिक और राजनीतिक संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर जनस्तर पर संवाद और प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
धरना कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धरना कार्यक्रम के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुद्ध पार्क पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चल रहे धरने को समर्थन भी दिया





