उत्तराखण्डज़रा हटकेबागेश्वर

उत्तराखंड के बागेश्वर में डोली धरती, 10 किमी गहराई में आया भूकंप, कोई नुकसान नहीं

ADVERTISEMENTS Ad

बागेश्वर – उत्तराखंड के पर्वतीय ज़िले बागेश्वर में शुक्रवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुबह-सुबह धरती के हिलने से कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

नेशनल सीस्मोलॉजी सेंटर (NSC) के अनुसार, भूकंप सुबह 07 बजकर 48 मिनट 37 सेकेंड पर दर्ज किया गया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट क्षेत्र में बताया गया है, जो जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से जिले में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

मामले की जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम थी और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले की किसी भी तहसील या गांव से अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, ऐसे में हल्के झटके समय-समय पर महसूस किए जाते रहते हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles