Haldwani:-बनभूलपुरा पुलिस ने 370 ग्राम चरस के साथ युवक को किया गिरफ्तार

हल्द्वानी – नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 370 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 19 अगस्त को चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, गोला बाईपास रोड स्थित आंवला चौकी से पहले यात्री शेड रोड के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 370 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान धर्मवीर मौर्य (25) पुत्र तामड़ धौज मौर्य, निवासी बहरौली, थाना मीरगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 140/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल दिलशाद अहमद और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




