Haldwani:-कर्तव्य निभाते-निभाते थम गई सांसें, फायरमैन जगजीत सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के अग्निशमन विभाग में तैनात जांबाज फायरमैन जगजीत सिंह के आकस्मिक निधन से उत्तराखंड पुलिस एवं अग्निशमन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
कर्तव्य पालन के दौरान बीती 22 जून की रात्रि हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए फायरमैन जगजीत सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनके निधन से पुलिस महकमे ने एक समर्पित, कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर साथी को खो दिया है।
मंगलवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत फायरमैन को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि विभाग इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि दिवंगत कर्मी के आश्रितों को विभागीय स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा समस्त देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं के लिए परिजनों को तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
दिवंगत फायरमैन जगजीत सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजावाला, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें पुलिस नियमों के तहत गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, अग्निशमन अधिकारी मिन्दरपाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
19 वर्षों का समर्पित सेवाकाल
फायरमैन जगजीत सिंह ने लगभग 19 वर्षों तक अग्निशमन विभाग में पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं दीं। उनका जन्म 15 मई 1988 को ग्राम बाजावाला, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर में हुआ था।
14 दिसंबर 2007 को विभाग में भर्ती हुए जगजीत सिंह ने उधमसिंहनगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2024 से वह फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे।
नैनीताल पुलिस ने अपने इस जांबाज साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई देते हुए कहा कि उनकी निष्ठा, साहस और सेवाभाव को सदैव याद रखा जाएगा तथा विभाग उनके परिवार के सहयोग के लिए हर समय तत्पर रहेगा।





