उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-19 घंटे तक इंसाफ के लिए भटकते रहे परिजन, आँख के ऑपरेशन के दौरान मौत का मामला

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – शहर के ठंडी कोठी स्थित एक निजी नेत्र अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रामनगर निवासी राजपाल कश्यप आंखों के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जहां ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों के अनुसार, राजपाल कश्यप पूरी तरह स्वस्थ थे और आंख का सामान्य ऑपरेशन कराने अस्पताल आए थे। आरोप है कि करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को स्पष्ट करने के बजाय अलग-अलग कारण बताकर परिजनों को गुमराह किया।

पहले मरीज का ब्लड प्रेशर बढ़ने की बात कही गई, इसके बाद हालत गंभीर बताई गई और अंत में दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजन अस्पताल परिसर में ही डटे रहे और न्याय की मांग करते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि वे करीब 19 घंटे तक कार्रवाई के लिए भटकते रहे, लेकिन पुलिस द्वारा ठोस कदम उठाने के बजाय समझौता कराने का प्रयास किया जाता रहा। इस दौरान परिजन पुलिस के सामने फफक-फफक कर रोते रहे, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।

मामले ने अस्पताल प्रबंधन की संवेदनहीनता और प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में सच्चाई सामने आती है या नहीं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles