उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:-बंद घरों को बनाते थे निशाना, नैनीताल पुलिस ने सपेरा गैंग दबोचा, लाखों के जेवर बरामद

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने शातिर सपेरों के गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।

संयुक्त पुलिस टीम ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं बर्तन बरामद किए हैं। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने 5 मई 2026 को तहरीर देकर बताया था कि वह 1 मई को अपने घर से कोटाबाग गए हुए थे।

इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 147/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वहीं थाना मुखानी क्षेत्र में कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके घर का चैनल और दरवाजे का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी कर ली। इस मामले में थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि दो संदिग्ध युवक हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूमते दिखाई दिए थे। लगातार सुरागरसी और तलाश के बाद पुलिस ने 9 मई 2026 को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु और गुरविंदर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार निवासी हैं और सपेरे का काम करते हैं। नैनीताल घूमने आने के दौरान हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र में होटल में रुके थे। रात के समय बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठियां, चोकर, हार, चैन, कमरबंद समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप पुत्र परवीन, गुरविंदर पुत्र देवीचंद और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु पुत्र संतोषनाथ निवासी सपेरा बस्ती फेरूपुर, थाना पथरी जिला हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

पूरे मामले के खुलासे में वयोवृद्ध उपनिरीक्षक रोहिताश सागर, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार नवी समेत कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles