हल्द्वानी में पुलिस से बदसलूकी पड़ी भारी: ‘वर्दी उतरवा दूंगा’ कहकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त
हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान हल्द्वानी पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 की रात को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित कबाड़ी कबाब के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया।
चालान की कार्रवाई के दौरान कार चालक पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” तक की धमकी दी। इसके बाद आरोपी पुलिस के आदेशों की अनदेखी कर मौके से कार लेकर फरार हो गया।
मामले में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 154/2026 के तहत धारा 132/221/351(2)(3)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से फरार आरोपी लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी ग्राम भवान सिंह नवाड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी या लोकसेवक के साथ अभद्रता अथवा सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





