उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

Nainital:-बार और बेंच ने साथ खेली होली, नैनीताल जिला बार में उत्साह और परंपरा का संगम

Ad

नैनीताल – उत्तराखंड के नैनीताल स्थित जिला बार सभागार शुक्रवार को होली के रंगों से सराबोर नजर आया। प्रताप भैया सभागार में आयोजित होली मिलन समारोह में न्यायाधीशों एवं अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक उल्लास और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।

समारोह की शुरुआत महिला अधिवक्ताओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना “सिद्धि के दाता, विघ्न विनाशक” से हुई। इसके बाद अधिवक्ता राजेश त्रिपाठी ने हारमोनियम पर “श्याम राधा संग खेलो होली” और “कन्हैया को रंग” जैसे होली गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। सांस्कृतिक सचिव उमेश कांडपाल ने खड़ी होली सहित पारंपरिक कुमाऊंनी गीतों से कार्यक्रम में लोक संस्कृति की मिठास घोल दी।

इस अवसर पर जिला न्यायाधीश प्रशांत कुमार, बार संघ अध्यक्ष भगवत प्रसाद, अपर जिला न्यायाधीश संजीव कुमार, सीनियर सिविल जज हर्ष यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन सहित कई न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीशों एवं बार संघ अध्यक्ष ने कहा कि बार और बेंच एक परिवार की तरह हैं, जो सभी पर्वों को आपसी सद्भाव और उल्लास के साथ मनाते आए हैं और आगे भी इसी परंपरा को बनाए रखेंगे।

समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। पूरे कार्यक्रम में रंग, संगीत और सौहार्द का माहौल छाया रहा।

Ad

Related Articles