SIR-2026: नैनीताल में 2.35 लाख नोटिसों की तामिली व सुनवाई पूरी, 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची

हल्द्वानी – विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर नैनीताल जिले में निर्वाचन प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित साप्ताहिक बैठक में प्रशासन ने बताया कि जिले में जारी करीब 2.35 लाख नोटिसों की तामिली और उनसे संबंधित सुनवाई का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे SIR की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिले में कुल 6,93,325 मतदाताओं के सापेक्ष जारी नोटिसों की तामिली और सुनवाई पूरी होने की जानकारी दी गई। वहीं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, 7 और 8 पर कार्रवाई जारी है।
प्रशासन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए निदेशक कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। प्राप्त दावे-आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला प्रशासन की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों के कार्य का न्यूनतम पांच प्रतिशत सत्यापन बीएलओ सुपरवाइजरों द्वारा किया जा रहा है। वहीं जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन दो प्रतिशत से अधिक है, वहां ERO द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय पर आवेदन करें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक बैठक में राजनीतिक दलों की समस्याओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सुना जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार उनका समाधान भी किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 11 सितंबर तक सुनवाई एवं निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन विभाग का सुपर चेकिंग अभियान भी लगातार जारी रहेगा।
बैठक में कांग्रेस, भाजपा, बसपा और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशासन ने सभी दलों को भरोसा दिलाया कि SIR से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निष्पक्षता, पारदर्शिता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।




