Haldwani:- NEET री-एग्जाम पर पुलिस का सख्त पहरा, SSP मंजूनाथ ने संभाली सुरक्षा की कमान

हल्द्वानी – नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार को आयोजित NEET री – एग्जाम जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज राजपुरा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (सीएपीएफ) की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है।
पुलिस की स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू), साइबर टीम एवं विशेष अभियान दल (एसओजी) को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों की परिधि में आने वाले संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है और नैनीताल पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।





