उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

नववर्ष पर सख्ती: SSP नैनीताल ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – आगामी 31 दिसंबर एवं नव वर्ष 2026 के अवसर पर शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश के सभी जनपद पुलिस प्रभारियों के साथ एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक निर्देश जारी किए। SSP ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, डेस्टिनेशन पॉइंट्स, बैरियरों, बॉटल-नेक क्षेत्रों एवं मोबाइल ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए सभी अधिकारियों को प्रभावी शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ड्यूटी पर पुलिसकर्मियों के लिए सख़्त फरमान

SSP नैनीताल ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ पर सख़्त कार्रवाई

SSP ने दो टूक कहा कि जश्न की आड़ में हुड़दंग, खुलेआम शराब सेवन, रोड रेज, हथियारों का प्रदर्शन या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रमुख निर्देश

सीमावर्ती जनपदों से जुड़े बॉर्डर, बैरियर एवं पिकेटिंग पॉइंट्स पर कड़ी चेकिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती।

प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं डेस्टिनेशन पॉइंट्स पर BDS, डॉग स्क्वाड एवं ATS टीमों द्वारा प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग।

पर्यटकों की सुविधा के लिए शटल सेवा, पार्किंग व्यवस्था का आकलन कर संबंधित स्टेकहोल्डरों से समन्वय।

सभी बॉटल-नेक व डायवर्जन पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती।

पर्यटन स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी।

जिला एवं सिटी कंट्रोल रूम से 24×7 सतत मॉनिटरिंग।

सभी मोबाइल पुलिस पार्टियों को किसी भी घटना पर तत्काल रिस्पॉन्स के निर्देश।

पर्यटकों से अपील

SSP नैनीताल ने बताया कि थर्टी फर्स्ट और नववर्ष के जश्न को लेकर सरोवर नगरी नैनीताल पर्यटकों से गुलजार हो चुकी है। नैनीताल पुलिस पर्यटकों के स्वागत एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लें, लेकिन कानून एवं शांति व्यवस्था का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।

गोष्ठी में उपस्थित अधिकारी

इस दौरान एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, एसपी/सीओ लालकुआं-भवाली दीपशिखा अग्रवाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles