Haldwani:-दुकान में चोरी करने वाला शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, नकदी व दस्तावेज बरामद

हल्द्वानी (नैनीताल)। कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने परचून की दुकान में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 मई 2026 को जवाहर नगर, बनभूलपुरा निवासी अकरम पुत्र मेहंदी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उनकी परचून की दुकान का शटर खोलकर गल्ले से करीब ₹10,500 नगद, आधार कार्ड तथा अन्य जरूरी कागजात चोरी कर ले गया। इस पर कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल व क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे 04 मई 2026 को गोला पार्किंग क्षेत्र, चिराग अली शाह मजार के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसरुद्दीन उर्फ नसरू (22 वर्ष) निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से ₹9,500 नगद, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगबीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक भीम कुमार, कांस्टेबल महबूब अली और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





