परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों पर नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं दुरुस्त बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों एवं परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया।
एसएसपी के निर्देश पर सभी अधीनस्थ अधिकारियों को यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, टीएसआई रामनगर तथा प्रभारी सीपीयू हल्द्वानी द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान परमिट की शर्तों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 258 चालान किए गए, जबकि 73 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 5 ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा 47 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
कार्रवाई का विवरण
– कुल चालान – 258
– कुल वाहन सीज – 73
– मोटरसाइकिल सीज – 72
– ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण – 05
– संयोजन शुल्क – ₹47,000
क्षेत्रवार कार्रवाई
निरीक्षक यातायात हल्द्वानी द्वारा 09 वाहन सीज, निरीक्षक यातायात भीमताल/भवाली/कैंचीधाम द्वारा 09 वाहन सीज तथा सीपीयू हल्द्वानी द्वारा 24 वाहन सीज किए गए। वहीं थाना पुलिस द्वारा 224 नगद चालान किए गए।
नैनीताल पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों एवं परमिट की शर्तों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।




