उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

रामनगर में ‘सरकार आपके द्वार’, 24 विभागों ने सुनी जनता की फरियाद; 98 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

रामनगर/नैनीताल –  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़े के तहत गुरुवार को पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एक ही परिसर में 24 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान और जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं की जटिलताओं से हमेशा परिचित नहीं होता, इसलिए अधिकारियों का दायित्व है कि वे लोगों की समस्याओं को सरलता और संवेदनशीलता के साथ सुनें और नियमानुसार उनका समाधान सुनिश्चित करें।

190 शिकायतें पहुंचीं, 98 का मौके पर समाधान

शिविर में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 190 शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 98 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, भूमि, पुलिस, नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था समेत विभिन्न समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

संयुक्त चिकित्सालय में 100 बेड और डॉक्टरों की मांग

देवभूमि व्यापार मंडल के मदन मोहन अग्रवाल ने संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में 100 बेड और चिकित्सकों की तैनाती से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सालय की लंबित समस्याओं का आकलन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने भी रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सालय की कमियों को दूर करने तथा चिकित्सकों की तैनाती के संबंध में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

छोई में अवैध शराब की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश

देव बिष्ट निवासी छोई ने क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने और बनाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को संबंधित क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

वहीं योगेश सती ने नजूल भूखंड को फ्रीहोल्ड कराने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रामनगर को संबंधित अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आशुतोष गोयल निवासी नई लाइन रामनगर ने खतौनी में सही नाम दर्ज कराने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने तहसीलदार रामनगर को अभिलेखों का निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

सभासद अनिल कुमार अग्रवाल ने रामनगर मुख्य बाजार में अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े रहने और भीड़ की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को बाजार में प्रतिदिन सघन अभियान चलाने तथा अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भूपेंद्र सिंह कुंवर, निवासी वार्ड नंबर 18 शिवलालपुर पांडे, ने तेलीपुरा रोड पर सड़क किनारे खराब और निष्प्रयोज्य वाहनों को हटाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर को क्षेत्र का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने को कहा।

बिजली, सड़क और तारबाड़ की समस्याएं भी उठीं

सभासद दिव्या राणा ने वार्ड नंबर 18 शिवलालपुर में नए विद्युत पोल लगाने, विद्युत तारों की व्यवस्था सुधारने, थ्री-फेज लाइन का विस्तार और पोलों की शिफ्टिंग की मांग रखी। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सादर सिंह गुसाईं निवासी पम्पापुरी ने पम्पापुरी से लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में जंगल से सटी सड़क पर पत्थरों की दीवार और तारबाड़ से संबंधित समस्या रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

गंगोत्री विहार कल्याण समिति के अध्यक्ष गोविंद लाल शाह ने कानिया की गंगोत्री विहार कॉलोनी में हर घर नल-हर घर जल योजना के तहत खोदी गई सड़क की मरम्मत का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं को सड़क का निर्माण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

50 सोलर लाइट लगाने की मांग

क्षेत्र पंचायत सदस्य हंसी जलाल ने दयारामपुर टांडा क्षेत्र की दोनों ग्राम सभाओं उदयपुरी बंदोबस्ती और दयारामपुर टांडा में जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) मद से 50 सोलर लाइट लगाए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित स्तर पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चार लाभार्थियों को 5.10 लाख के चेक

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। सहकारिता विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कुक्कुट एवं दुधारू पशुपालन के लिए चार लाभार्थियों को कुल 5 लाख 10 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग ने जरूरतमंद लाभार्थियों को एक ट्राईसाइकिल, दो व्हीलचेयर और चार श्रवण यंत्र वितरित किए।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता

स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘जोश भरो अभियान’ के अंतर्गत नाथूपुर छोई और चुकुम गांव के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए गांव स्तर तक जागरूकता और जांच अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

24 विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि, विद्युत, श्रम, उरेडा, खाद्य, सहकारिता समेत 24 विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर आवेदन स्वीकार किए और लोगों की समस्याओं का समाधान किया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनसेवा को नई दिशा दे रहा अभियान

अधिकारियों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ सेवा पखवाड़ा शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से सुशासन, जवाबदेही और जनविश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना, जिला परियोजना निदेशक चंद्रा फत्याल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक समाज कल्याण अधिकारी जसविंदर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

अगला शिविर 9 अक्टूबर को धारी में

‘सेवा संकल्प अभियान, सेवा सेतु सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविरों का आयोजन जिले के सभी आठ विकासखंडों में क्रमवार किया जाएगा। इसी क्रम में अगला शिविर 9 अक्टूबर को धारी ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles