पत्रकार हितों की पैरवी: छोटे समाचार पत्रों की समस्याओं को लेकर सूचना महानिदेशक से मिला प्रतिनिधिमंडल

देहरादून – छोटे एवं मझौले समाचार पत्रों के समक्ष उत्पन्न हो रही विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, देहरादून इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री विश्वजीत सिंह नेगी के नेतृत्व में महानिदेशक सूचना बंसीधर तिवारी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने समाचार पत्रों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि छोटे एवं मझौले समाचार पत्र सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि वे निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रभावी पत्रकारिता के अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंसीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारों द्वारा उठाई गई समस्याओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा तथा उनके यथाशीघ्र उचित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर सकारात्मक पहल करते हुए पत्रकार हितों की रक्षा के साथ-साथ छोटे एवं मझौले समाचार पत्रों को सशक्त बनाने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मजबूत और स्वतंत्र पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी नारायण, जिला संरक्षक ललित कुमार ढोंडियाल, जिला महामंत्री नरेश बलूनी, भारत सिंह नेगी, विनोद वर्मा, चंद्र मोहन, वीर सिंह, एस. यादव, सुरमई, आदेश नारायण सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।




