उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

नैनीताल की ठंडी सुबह में आम जनता के बीच पहुंचे सीएम धामी, विकास परियोजनाओं की प्रगति का किया स्थलीय निरीक्षण

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह नैनीताल की मनोरम वादियों में मॉर्निंग वॉक कर स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात की। सुबह-सुबह लोगों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने उनसे क्षेत्र से जुड़े सुझाव व फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने आम जनमानस से अनौपचारिक बातचीत कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा।

मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर भी रुके और गर्म चाय का स्वाद लेते हुए उनसे एवं आसपास मौजूद लोगों से बातचीत की। मुख्यमंत्री का यह सरल व आत्मीय अंदाज़ स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से मंदिर परिसर सुधार, परिसर विस्तार, दर्शन पथ विकास और यात्री सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मिशन के अंतर्गत चल रहे अन्य विकास कार्यों—डीएसए मैदान का सुधार, वलिया नाला विकास कार्य, तथा ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा उपायों—की जानकारी भी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध गति से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि नैनीताल एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है, इसलिए सभी कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles