लालकुआं के तिवारी नगर में बेखौफ बदमाशों का धावा, घर का दरवाजा तोड़ उड़ाए लाखों के जेवरात

लालकुआं – कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिंदुखत्ता के तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का दरवाजा तोड़कर करीब साढ़े 11 तोला सोने के आभूषण और नगदी समेत लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार तिवारी नगर चित्रकूट नंबर-14 निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। उनके घर पर पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा कोठारी बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित अपने ससुराल गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को निशाना बनाते हुए उसे तोड़ दिया और मकान के भीतर घुस गए।
चोरों ने घर के अंदर पहुंचकर बड़ी सफाई से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात तथा 35 हजार रुपये की नगदी चोरी कर फरार हो गए।
शाम करीब चार बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर पहुंचीं तो घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी टूटी हुई थी और कीमती जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी टीम को भी सक्रिय कर दिया है।
कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





