Haldwani:-चित्रशाला घाट में नदी के तेज बहाव में फंसा व्यक्ति, काठगोदाम पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाया

हल्द्वानी – चित्रशाला घाट, रानीबाग में नदी में बहकर बीच धारा में फंसे एक व्यक्ति को काठगोदाम पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के रेस्क्यू अभियान के बाद व्यक्ति को सकुशल बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को कोतवाली काठगोदाम में सूचना मिली कि चित्रशाला घाट रानीबाग के पास एक व्यक्ति नदी में बह गया है और नदी के बीच फंस गया है। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नदी में फंसे व्यक्ति तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान हरेंद्र कुमार पुत्र नंद किशोर (32 वर्ष), निवासी नवाड़ खेड़ा, गोलापार के रूप में हुई।
रेस्क्यू अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उप निरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल मोहन चंद्र जोशी और कांस्टेबल चालक दीपक कुंवर शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।




