उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

नैनीताल पुलिस की ईमानदारी की मिसाल, राजस्थान की पर्यटक को लौटाया खोया मंगलसूत्र

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल – नैनीताल पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। राजस्थान से नैनीताल भ्रमण पर आई एक महिला पर्यटक का खोया हुआ मंगलसूत्र पुलिस के प्रयासों से सकुशल बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। इस पर पर्यटक महिला ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की खुलकर सराहना की।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के पाली जिले की निवासी डॉ. टीना राव अपने पति राजेश राव के साथ नैनीताल और मसूरी भ्रमण पर आई थीं। नैनीताल प्रवास के दौरान दोनों कैंची धाम में दर्शन करने पहुंचे। दर्शन के बाद जब वे अपने होटल लौटे तो डॉ. टीना राव को पता चला कि उनका मंगलसूत्र कहीं रास्ते में गुम हो गया है। काफी खोजबीन के बावजूद जब मंगलसूत्र नहीं मिला तो उन्होंने इसकी सूचना अपने पति को दी, जिसके बाद मामले की जानकारी कोतवाली मल्लीताल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस तत्काल हरकत में आई। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में कांस्टेबल शाहिद अली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास करते हुए गुम हुए मंगलसूत्र को बरामद कर लिया।

पुलिस द्वारा मंगलसूत्र सकुशल बरामद कर डॉ. टीना राव को सौंप दिया गया। अपना बहुमूल्य आभूषण वापस पाकर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने मंगलसूत्र मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन नैनीताल पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड पुलिस हरसंभव सहायता करेगी और अपने वादे को निभाया भी।

डॉ. टीना राव ने कहा कि राजस्थान से होने के कारण उनके लिए दोबारा इतनी दूर आकर खोजबीन करना संभव नहीं था। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार ने उनका विश्वास और सम्मान दोनों बढ़ाया है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, कांस्टेबल शाहिद अली तथा पूरी उत्तराखंड पुलिस का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

उन्होंने कहा कि नैनीताल और उत्तराखंड से वे बेहद सुखद अनुभव और अच्छी यादें लेकर लौट रही हैं। पुलिस की यह जनहितकारी कार्यशैली पर्यटकों के बीच सुरक्षा और विश्वास का मजबूत संदेश देती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles