Haldwani:-सीसीटीवी और साक्ष्यों के दम पर पुलिस को सफलता, घर व बेस अस्पताल चोरीकांड का पर्दाफाश

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर अपराधों के त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना में 8 जुलाई 2026 को बेड़ापोखरा, देवलचौड़, रामपुर रोड निवासी हेमंत सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर डेल कंपनी का लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, हैवेल्स सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, आसन, झूले (पेंडिन), तांबे की आचविन तथा ट्रैकिंग बैग चोरी कर ले गए। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी घटना में सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल की तहरीर पर अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों घटनाओं का सफल अनावरण कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हेमंत सिंह के घर से चोरी किया गया 42 इंच का एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, एक आसन, दो पीली धातु के झूले, तांबे की आचविन तथा हैवेल्स सीलिंग फैन बरामद किया है। वहीं बेस चिकित्सालय से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप भी आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा निवासी 25 वर्षीय रितिक बिष्ट उर्फ गोलू तथा ऊधम सिंह नगर निवासी 30 वर्षीय ऋषभ अग्रवाल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रितिक बिष्ट के विरुद्ध चोरी, लूट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पूरे मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह अधिकारी तथा कांस्टेबल अनिल टम्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें 1,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।




