उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

फिटनेस, अनुशासन और वैपन हैंडलिंग पर SSP नैनीताल का फोकस, उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल। जनपद पुलिस बल को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से सजग और हर चुनौती के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल में भव्य शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। परेड का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन, ड्रिल, टर्नआउट और वैपन हैंडलिंग का गहन परीक्षण किया।

परेड में जनपद के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू, यातायात पुलिस, महिला पुलिस टोली, आर्म्ड पुलिस, नागरिक पुलिस, डॉग स्क्वायड एवं बम स्क्वायड की टोलियों ने हिस्सा लिया। जवानों को परेड ड्रिल, शस्त्र संचालन तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से जुड़े विशेष अभ्यास कराए गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों की कार्यकुशलता, समन्वय और तत्परता का भी आंकलन किया गया।

विशेष रूप से आयोजित वैपन हैंडलिंग प्रयोगशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को एसएसपी द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में हेड कांस्टेबल परमजीत, कांस्टेबल धनी चंद, अजय त्रिकोटी, अनीश राणा, विशन, टीपी मनोज पंत, जे.डी. सिंह, मोहम्मद सादिक, हिमांशु गुणवंत, हीरा राणा, महिला कांस्टेबल पूनम राणा एवं अनुराधा रौकली शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नियमित शुक्रवार परेड और ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और तनावमुक्त बनाए रखना है, ताकि वे हर परिस्थिति में आत्मविश्वास और संयम के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि फिट और अनुशासित पुलिस बल ही बेहतर कानून व्यवस्था, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और प्रभावी जनसेवा सुनिश्चित कर सकता है।

उन्होंने पुलिस कर्मियों को वैपन हैंडलिंग, व्यवहार कुशलता, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं महिला पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त और हर परिस्थिति से निपटने में सक्षम बनने का संदेश भी दिया।

परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर मैस, पुलिस कैंटीन, सीपीसी कैंटीन एवं एमटी शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने मैस प्रभारी को जवानों के लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, मौसमी सब्जियां और शुद्ध पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी वाहनों की फिटनेस, लॉग बुक और रखरखाव की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारियों को वाहनों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डॉ. जगदीश चंद्र, मनोज कत्याल, अंजना, अमित कुमार, सुमित पांडे, रविकांत सेमवाल, अंकित थपलियाल, विनय सिंह तथा प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles