मुख्यमंत्री के हल्द्वानी दौरे को लेकर अलर्ट मोड में नैनीताल पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी में वीआईपी ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस बल की ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रवेश नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ ही प्रभावी चेकिंग और तलाशी अभियान चलाने के लिए कहा गया।
आम जनता को परेशानी से बचाने के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। यातायात पुलिस और सीपीयू को निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात का संचालन व्यवस्थित रहे। इसके साथ ही वीआईपी मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को पहले ही दूर करने तथा मार्ग व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों के साथ शालीनता और विनम्रता से व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने भी पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी प्वाइंट, संचार व्यवस्था और मार्ग प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, निरीक्षक यातायात भूपेश पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




