उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:- पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का किया पर्दाफाश,वन कर्मी की हत्या का 24 घंटे में खुलासा

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के टांडा क्षेत्र अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में वन विभाग के एक कर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का हल्द्वानी पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

घटना की सूचना 23 मई 2026 को मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता को तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

घटनास्थल पर वन विभाग के रेंजर नवीन सिंह रौतेला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक मोबाइल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की पहचान मेवा लाल पुत्र हरी लाल, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी अलीपुर जित्ता जनपद कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत था।

प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पूर्व रात में उसने और मृतक ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।

वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0एफआईआर संख्या-174/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपी तिवारी सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी लालपुरी गूलरभोज थाना दिनेशपुर जनपद ऊधम सिंह नगर का रहने वाला है, जो वर्तमान में पीपलपड़ाव ब्लॉक स्थित प्लॉट संख्या-71 में रह रहा था।

मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह, उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, कांस्टेबल राहुल राणा और कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles