उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-SSP मंजूनाथ टी.सी. की सख्ती, बेहतर काम पर सम्मान और खराब प्रदर्शन पर तय होगी जवाबदेही

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
  • डिजिटल पुलिसिंग, साइबर अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले 48 पुलिसकर्मी सम्मानित

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। गुरुवार को हल्द्वानी कोतवाली स्थित सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, लंबित विवेचनाओं, डिजिटल पुलिसिंग और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जुलाई 2026 के दौरान जनपद में घटित अपराधों और पुलिसिंग की प्रगति का आकलन किया गया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

हर महीने चुना जाएगा ‘थाना ऑफ द मंथ’

जनपद में बेहतर पुलिसिंग और थानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए एसएसपी ने ‘थाना ऑफ द मंथ’ की नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया। थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण, साइबर अपराधों की कार्रवाई, डिजिटल पोर्टलों पर कार्य की गुणवत्ता, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और अन्य पुलिसिंग मानकों के आधार पर किया जाएगा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

डिजिटल पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश

बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने e-Shakshya App और Zero FIR के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। एसएसपी ने थानों में ऑनलाइन जीडी, e-FIR, Zero FIR, e-Beat, e-Summon, e-Malkhana और e-DAR सहित सभी डिजिटल व्यवस्थाओं का डेटा समयबद्ध रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में हिट एंड रन प्रतिकर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना, राहवीर योजना और e-DAR के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र दुर्घटना पीड़ितों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही दुर्घटनाओं का आवश्यक विवरण समय पर पोर्टल पर दर्ज किया जाए।

साइबर अपराध में जीरो टॉलरेंस

साइबर अपराधों को लेकर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पीड़ितों की ठगी गई धनराशि की वापसी के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ ऑपरेशन्स अमित कुमार सैनी ने PRAGATI पोर्टल, Sahyog Portal और Money Restoration Module की तकनीकी जानकारी दी।

एसएसपी ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर प्रभावी विवेचना की जाए और पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के हरसंभव प्रयास किए जाएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विवेचक की जिम्मेदारी तय होगी।

जनपद के चिह्नित साइबर हॉटस्पॉट्स पर विशेष निगरानी रखने और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को Cytrain Portal पर पंजीकरण कर नई तकनीकों से अपडेट रहने के निर्देश भी दिए गए।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को CCTNS पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट रखने और लंबित e-Signing सहित सभी प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनावों को लेकर अलर्ट

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनावों को कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कॉलेज परिसरों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, पुलिस गश्त और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

धार्मिक भावनाएं भड़काने, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर मंथन

बैठक में जनपद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात दबाव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई।

सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

उत्कृष्ट कार्य के लिए 48 पुलिसकर्मी सम्मानित

सम्मेलन के दौरान जनपद नैनीताल के विभिन्न थानों और शाखाओं में तैनात 48 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी सहित जनपद के थाना एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles