Haldwani:-नवनिर्मित बनभूलपुरा थाने का एसएसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

Haldwani:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को नवनिर्मित थाना बनभूलपुरा का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने थाना भवन की निर्माण गुणवत्ता, विभिन्न कार्यालय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख कक्ष, आगंतुक कक्ष, बैरक, मालखाना, शस्त्रागार, सुलभ प्रसाधन व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि आमजन को बेहतर, प्रभावी और आधुनिक पुलिस सेवाएं मिल सकें।
डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाना भवन पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, सहायक अभियंता जयांक पांडे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा गगनदीप सिंह, भवन लिपिक श्रीमती दीपा मिराल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




