नैनीताल में बनेगा अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने दिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश

नैनीताल – सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार गतिविधियों एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना।
संयुक्त निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप प्रदेश में आधुनिक मीडिया सेंटरों की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल जिला मुख्यालय में मीडिया सेंटर स्थापित किए जाने से स्थानीय एवं बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को समाचार संकलन, प्रसारण, तकनीकी सुविधाओं और अन्य कार्यों में बड़ी सहायता मिलेगी।
उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थानीय पत्रकारों की मांग के अनुरूप जिला मुख्यालय नैनीताल में मीडिया सेंटर निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। साथ ही हल्द्वानी मीडिया सेंटर के माध्यम से कुमाऊं मंडल के समाचार पत्रों की निरीक्षा सहित अन्य विभागीय कार्यों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
पत्रकारों ने इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए प्रदेश से बाहर उपचार हेतु अनुबंधित चिकित्सालयों की संख्या बढ़ाने, पत्रकार मान्यता और प्रेस मान्यता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस पर संयुक्त निदेशक ने आश्वस्त किया कि सरकार पत्रकार कल्याण के प्रति संवेदनशील है और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार सहित अन्य मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश से बाहर और अधिक अस्पतालों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया पर भी कार्य चल रहा है।
संयुक्त निदेशक उपाध्याय ने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश सरकार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी को जल्द लागू करने जा रही है। इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नई नीति डिजिटल मीडिया क्षेत्र में कार्यरत लोगों को बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ-साथ सूचना तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाए।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी, विभागीय कर्मचारी तथा जनपद के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





