उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-जनता के द्वार पहुंची सरकार, शिविर में अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड कार्यालय सभागार हल्द्वानी में आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर में आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया। शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 86 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 390 लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र कर्मठता, समर्पण और निरंतर प्रयास है।

उत्तराखंड शासन में सचिव बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण तथा जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव ने कहा कि सरकार का प्रमुख उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन जैसे स्वरोजगार आधारित कार्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल पर्यटन जनपद होने के बावजूद यहां मशरूम की मांग का अधिकांश हिस्सा बाहर से पूरा किया जाता है, जबकि स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ाकर युवाओं और महिलाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान सीधे शिविरों में किया जा रहा है। शिविर में जल जीवन मिशन, पेयजल, सड़क, अतिक्रमण और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का निस्तारण 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को इसकी सूचना दी जाएगी।

शिविर में रकसिया नाले, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण, भूकटाव, विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने तथा पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। हरिपुर नायक के ग्राम प्रधान ने रकसिया नाले की खुदाई के कारण जलभराव की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने यूयूएसडीए एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक सभागार के विस्तार की मांग भी उठाई, जिस पर प्रभारी सचिव ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, कृषि, पशुपालन, डेयरी, उद्योग, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने की। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, प्रभारी सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, दर्जा राज्यमंत्री योगेश रजवार, मोहनी पोखरिया, मोहन पाठक तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की योजनाओं पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। पुस्तक में स्वयं सहायता समूहों एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे अधिकाधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

शिविर में नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, सचिव विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles